March 8, 2026

शहर में आवारा पशुओं पर निगम की सख्त कार्रवाई, 25 गोवंश गौशाला भेजे

Faridabad/Alive News:नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शहर की सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान तेज कर दिया गया है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों एवं हरियाणा सरकार के आदेशों की पालना करते हुए, नगर निगम की पब्लिक हेल्थ टीम ने विशेष अभियान चलाकर सेक्टर-7, जीवन नगर, गोंछी सहित विभिन्न क्षेत्रों से 25 गोवंश पशुओं को पकड़कर गौशाला पहुंचाया।

निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतिश परवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए सभी गोवंश को सुरक्षित रूप से श्री गोपाल गौशाला और मवई गौशाला में भेजा गया है। यह अभियान गौ मानव सेवा ट्रस्ट के सहयोग से चलाया गया। उन्होंने बताया कि सभी पशुओं को टैग लगाकर डॉक्टरों की देखरेख में गौशाला भेजा गया, ताकि उनकी पहचान और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

डॉ. परवाल ने कहा कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और जो लोग सड़क पर पशु छोड़ते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ निगम द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ पशु घायल अवस्था में मिले, जिन्हें देवाश्रय केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गौशाला भेजा जाएगा।

शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में निगम की यह पहल लगातार जारी रहेगी। इसी के साथ, निगम की टीम ने सेक्टर-12, एनआईटी-1 नंबर और सैनिक कॉलोनी क्षेत्र में जाल बिछाकर लगभग 30 बंदरों को भी पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।

नगर निगम के अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवारा पशुओं को सड़क पर न छोड़ें और शहर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।