Faridabad/Alive News: हरियाणा मुख्यमंत्री के ओएसडी राज नेहरू ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सड़क, डंपिंग यार्ड, कानून एवं व्यवस्था, मुख्यमंत्री घोषणाओं तथा समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों से संबंधित विषयों पर गहन चर्चा की गई।
राज नेहरू ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में फील्ड स्तर पर समीक्षा की जा रही है, ताकि सरकार की योजनाओं और घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि प्रशासन जनता के द्वार तक पहुेंचे और हर अधिकारी अपने विभाग की जिम्मेदारी को सेवा भाव से निभाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं प्रदेश में विकास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। नेहरू ने बताया कि जिलों के दौरे के दौरान आमजन से मिलने वाले फीडबैक को संकलित कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि नीति निर्धारण में जनता की राय भी शामिल हो सके।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ तथा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक सुलभ और पारदर्शी रूप में पहुंचे, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सड़क निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करें अधिकारी
राज नेहरू ने सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि कई स्थानों पर कार्य निर्धारित समय से पीछे चल रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना सभी सड़क परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। डंपिंग यार्डों के प्रबंधन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जीवनशैली में स्थायी परिवर्तन लाने के लिए होना चाहिए।
खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता
नेहरू ने सेक्टर-12 स्थित खेल स्टेडियम, सेक्टर-31, अटाली, फतेहपुर बिलोच और शाहपुर कला के खेल स्टेडियमों के उचित रखरखाव, कोचों की अपर्याप्त संख्या और नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम के पुनःनिर्माण कार्य को लेकर संबंधित खेल अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। नेहरू ने कहा कि खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर अभ्यास माहौल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियमों में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए।
पुलिस प्रशासन संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें
कानून व्यवस्था पर बोलते हुए नेहरू ने कहा कि पुलिस प्रशासन को जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी से छोटी शिकायत को भी गंभीरता से लेकर निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा हाल ही में बल्लभगढ़ चावला कॉलोनी में घटित घटना को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की
घोषणाओं की समयबद्ध पूर्ति और शिकायतों के संतोषजनक निपटारे को प्राथमिकता दें अधिकारी
मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए नेहरू ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उनके प्रस्ताव शीघ्र भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं जनता से किया गया वादा है, और इनकी समयबद्ध पूर्ति सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निपटारे को लेकर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का स्थायी और संतोषजनक समाधान किया जाए, ताकि कोई मामला पुनः खुलने की स्थिति में न आए।
बैठक के उपरांत ओएसडी राज नेहरू ने सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर, अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, छायंसा, तथा गढ़खेड़ा गांव स्थित खेल नर्सरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। ओएसडी राज नेहरू ने खेल परिसर में खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन एवं अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की और कहा कि खिलाड़ी प्रदेश का गौरव हैं, जिनके लिए हर संभव सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान एडीसी सतबीर मान, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

