Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने और उपलब्ध कराने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने वर्ष 2024 में सेक्टर-28 में हुई फायरिंग के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने हमलावर को पिस्टल उपलब्ध कराई थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 26 नवंबर 2024 की रात को सेक्टर-28 में रिंकू, निवासी तिरखा कॉलोनी बल्लभगढ़ पर फायरिंग की गई थी। रिंकू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्त मनोज के साथ खड़ा था, तभी एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। जब वह मदद के लिए गया तो कार सवार पुनित से कहासुनी हो गई, जिसने उस पर गोली चला दी। इस मामले में थाना सेक्टर-31 में हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने अब जसबीर (32), निवासी डबुआ कॉलोनी फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जसबीर ने 40 हजार रुपये में पुनित को एक पिस्टल और पांच जिंदा राउंड उपलब्ध कराए थे। इस मामले में पुनित और सुरजीत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने जसबीर को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है ताकि उससे और जानकारी ली जा सके। पुलिस के अनुसार, जसबीर पर पहले भी शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

