Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है ताकि उनसे और पूछताछ की जा सके।
फरीदाबाद की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दी थी कि 6 अक्टूबर को उसे एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को SHINE.COM से बताया। उसने कहा कि वह उसे अपोलो हॉस्पिटल में नौकरी दिला सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसके बहाने उसने महिला से पहले 1 हजार रुपये और 3200 रुपये मांगे, जो उसने भेज दिए।
अगले दिन महिला का फोन पर इंटरव्यू लिया गया और बाद में उससे 9850 रुपये और ट्रांसफर करवाए गए। जब उसने दोबारा फोन किया तो नंबर बंद मिला और कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने जांच के बाद रविकांत (41), निवासी गांव भोवापुर, जिला गाजियाबाद और मुकेश गुप्ता (41), निवासी सेवा नगर मेरठ रोड, गाजियाबाद (वर्तमान में कविनगर, गाजियाबाद) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को नौकरी का झांसा देकर पैसे ठगते थे।

