Entertainment/Alive News: रविवार को शाहरुख खान अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर आज हम आपको बताने वाले हैं कि शाहरुख खान की मां लतीफ फातिमा उन्हें क्या बनाना चाहती थीं? शाहरुख खान भले ही आज बहुत बड़े स्टार बन गए हों लेकिन एक वक्त था जब वह टीवी के स्टार हुआ करते थे। शाहरुख ने 90 की दहाई में फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत की। स्क्रीन से बातचीत में रेणुका शहाणे ने शाहरुख और उनकी मां के बारे में कई बातें बताई हैं।
फिल्मों में नहीं आना चाहते थे शाहरुख
रेणुका शहाणे और शाहरुख खान ने 1989 में टीवी शो ‘सर्कस’ में एक साथ काम किया था। रेणुका ने बातचीत में बताया कि शाहरुख पहले से ही टीवी स्टार थे, क्योंकि उन्होंने 1988 में टीवी शो ‘फौजी’ में काम किया था। उन्होंने कहा ‘मैंने फौजी के बाद उनके प्रति लोगों की दीवानगी देखी है। इसे लेकर हम हैरान थे। वह उस वक्त फिल्मों में नहीं जाना चाहते थे। वह टीवी में काम करके खुश थे।’
लोग चाहते थे शाहरुख फिल्मों में आएं
रेणुका ने आगे कहा ‘लोग कहते थे कि उन्हें फिल्म स्टार होना चाहिए, लेकिन शाहरुख कहते थे कि थिएटर और टीवी ही उनकी जगह है। बाद में वह किसी तरह इंडस्ट्री में आए। शायद इसलिए क्योंकि उनकी मां चाहती थीं कि उनका बेटा एक फिल्म स्टार बने। आज वह बड़े स्टार बन गए हैं।’
मां की वजह से बॉलीवुड में आए
आपको बता दें कि शाहरुख खान ने पहले थिएटर किया और फिर 1988 में पहले टीवी शो ‘दिल दरिया’ में अभिनय किया। टीवी स्टार के तौर पर मशहूर होने के बावजूद शाहरुख एक्टिंग नहीं करना चाहते थे। उनकी मां चाहती थीं कि वह बॉलीवुड के स्टार बनें। उनकी वजह से शाहरुख खान 1990 में दिल्ली से मुंबई गए। साल 1992 में फिल्म ‘दीवाना’ से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। शाहरुख खान अब नई फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं।

