Faridabad/AliveNews: अपराध शाखा एनआईटी पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
फतेहपुर चंदीला निवासी अमित चंदीला ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उसकी कपिल नामक व्यक्ति से पहले कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते 12 अक्टूबर को कपिल अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और उस पर धारदार हथियार, लोहे की रॉड, सुआ और डंडों से हमला कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया और घर में तोड़फोड़ भी की गई। शिकायत के आधार पर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश (निवासी गांव बहज, डिग, राजस्थान; हाल फतेहपुर चंदीला, फरीदाबाद) और सत्यजीत (निवासी फतेहपुर चंदीला) को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि कपिल ने अपने पड़ोसी अमित से हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए अपने साथियों आकाश और सत्यजीत को बुलाया था। हमले के दौरान आकाश ने सुआ से और सत्यजीत ने डंडे से अमित पर वार किया था।
पुलिस ने आरोपी सत्यजीत को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि आकाश को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी कपिल, किशन और विशाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

