March 8, 2026

क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर 65 हजार की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसजीएम नगर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 सितम्बर को उसे एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई बैंक का अधिकारी बताया और कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर एक ऑफर है, जिससे कार्ड “लाइफटाइम फ्री” हो जाएगा और उसकी लिमिट भी बढ़ जाएगी।

ठग ने बताया कि वह एक ओटीपी भेज रहा है और उसे ओटीपी बताना होगा ताकि प्रक्रिया पूरी हो सके। शिकायतकर्ता ने जैसे ही ओटीपी बताया, उसके खाते से 65,000  रुपये गए। इस पर साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने जांच के बाद तीन आरोपियों सौरभ ठाकुर (26) निवासी उत्तम नगर, दिल्ली; अभिषेक मेहरा (32) निवासी टैगौर गार्डन एक्सटेंशन, वेस्ट दिल्ली; और विशाल (37) निवासी राजहंस विहार, दिल्ली को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में पता चला कि सौरभ ने पीड़ित को कॉल कर ओटीपी लिया और उसके कार्ड से फर्जी पते पर सामान मंगवाया। यह सामान अभिषेक ने रिसीव किया और बाद में बेचने के लिए विशाल को दे दिया।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।