March 8, 2026

इंस्टाग्राम पर कपड़ों की एड डालकर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जो इंस्टाग्राम पर कपड़ों की एड डालकर लोगों से पैसे ठगते थे।

फरीदाबाद की एस.जी.एम. नगर निवासी एक महिला ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उसने 1 सितम्बर को “Look Up to Fashion” नाम के इंस्टाग्राम पेज से कपड़े ऑर्डर किए थे। महिला ने तीन सूट के लिए 2500 रुपये का भुगतान किया, लेकिन ऑर्डर की ट्रैकिंग आईडी नहीं दी गई। बाद में आरोपियों ने दोबारा कॉल करके कहा कि पहले वाला भुगतान सिस्टम में नहीं दिख रहा, इसलिए दोबारा पेमेंट करनी होगी।

महिला ने दोबारा पैसे भेज दिए, पर उसके बाद भी आरोपियों ने ऑर्डर न भेजकर अलग-अलग बहाने बनाते हुए “सर्विस चार्ज” और अन्य कारणों से कुल 47,500 रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों मोहम्मद अंश (20) निवासी बजरंग विहार, जयपुर; प्रितम सिंह (25) निवासी राजेन्द्र सुंदर नगर, जयपुर; और प्रशांत द्विवेदी (26) निवासी रिवाली, सवाई माधोपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मोहम्मद अंश इंस्टाग्राम पेज बनाकर उस पर एड डालता था, प्रशांत खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर बात करता था और प्रितम “डिलिवरी बॉय” बनकर ग्राहकों से बात करता था।

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।