Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने टेलिग्राम टास्क के ज़रिए 5,75,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-29 फरीदाबाद की एक महिला ने शिकायत दी थी कि उन्होंने फेसबुक पर बच्चों के फैशन शो का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद ठगों ने महिला से उसके बेटे का बायोडाटा मांगा और बताया कि उसका बेटा शो में भाग ले सकता है। इसके बाद ठगों ने महिला को टेलिग्राम ऐप डाउनलोड करने को कहा और लाइक व शेयर टास्क पूरा करने के बदले अच्छी कमाई का लालच दिया। महिला ने लालच में आकर टास्क पूरे करने के लिए 5,75,500 रुपये भेज दिए, लेकिन उसे कोई भुगतान नहीं मिला।
शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने राकेश कुमार मीणा (30), हरदेव मीणा (40) निवासी दौलतपुर गुसार, जिला जयपुर (राजस्थान) और आदित्य शर्मा (21), अभिषेक शर्मा (26) निवासी पुरम कॉलोनी, जयपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि राकेश मीणा के बैंक खाते में ठगी के 1.56 लाख रुपये आए थे, जो हरदेव मीणा ने आगे बढ़ाए थे। बाद में ये पैसे आदित्य और अभिषेक को दिए गए, जिन्होंने इन्हें यूएसडीटी (क्रिप्टो करेंसी) के जरिए ठगों तक पहुंचा दिया। पुलिस ने राकेश को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि बाकी तीन आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

