March 8, 2026

जापान में नौकरी के बाहने 1.25 लाख रुपये की ठगी, चार आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: जापान में नौकरी देने के नाम पर 1,25,580 रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि सेक्टर-82, ग्रेटर फरीदाबाद वासी ने साइबर क्राईम से संबंधित पुलिस को शिकायत दी जिसमें आरोप लगाया कि उसने इटोचू कॉर्पोरेशन जापान में सीनियर फाइनेंस मैनेजर की पोस्ट के लिए अप्लाई किया था। जिसके बाद उसके पास ऑनलाइन इंटरव्यू के लिए मेल आया। पहले इंटरव्यू के बाद उसे दूसरे राउंड के इंटरव्यू के लिए कुछ डॉक्यूमेंट भेजने के लिए कहा गया। इंटरव्यू के बाद उसे इटोचू कॉर्पोरेशन जापान से सिलेक्शन और नौकरी के ऑफर लेटर के बारे में एक ई-मेल मिला और फिर डॉक्यूमेंट की फॉर्मेलिटी पूरी करने के लिए उन्होंने उससे कंसल्टेंट के पास IPA (इन प्रिंसिपल अप्रूवल) के लिए रिफंडेबल सिक्योरिटी के तौर पर 38,800 रुपये जमा करने को कहा, जो उसने उनके बताये खाता में भेज दिये। फिर उसे इटोचू कॉर्पोरेशन जापान से एक ईमेल और मिला जिसमें वीजा के लिए रिफंडेबल सिक्योरिटी अमाउंट 86,780 रुपये जमा करने के लिए कहा गया था। जो उसने कुल 1,25,580 रुपये ठगों के बताये खाता में भेज दिये लेकिन उससे जापान के मिजुहो बैंक में एक वेतन खाता खोलने के लिए कुछ दस्तावेज जमा करने के साथ 150000 येन का भुगतान करने को कहा। जो उसने 150000 येन उनके खाता में नहीं भेजे तो उसको कोई पैसा वापस नहीं दिया। जिस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए अमित गंगवार (27) निवासी गांव राय नवादा जिला बरेली उत्तर प्रदेश, लविश गंगवार (24) वासी ग्राम खुटिया जिला बरेली उत्तर प्रदेश, प्रवेन्द्र कुमार (29) निवासी बीसलपुर शीशगढ, जिला बरेली उत्तर प्रदेश व अशोक कुमार (23) वासी गांव बल्ली जिला बरेली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि लविश खाताधारक है जिसके खाता में ठगी के 50 हजार रुपये खाता में आये थे और लविश ने अपना खाता अमित को दिया था और अमित ने इस खाता को आगे परवेन्द्र को दे दिया था। परवेन्द्र आरोपी लविश के खाता में आये पैसों को 

एटीएम कार्ड से निकालकर अशोक को दे देता था। आरोपी लविश व अशोक को माननीय अदालत में पेश कर जेल भेजा है वही परवेन्द्र व अमित को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।