March 7, 2026

ट्रम्प बोले – मोदी सबसे अच्छे दिखने वाले और मजबूत नेता हैं

New Delhi/Alive News: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें “सबसे अच्छा दिखने वाला इंसान” बताया है। ट्रम्प बुधवार को दक्षिण कोरिया में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) के बिजनेस लंच कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

ट्रम्प ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी बहुत शानदार दिखने वाले व्यक्ति हैं, लेकिन वह एक किलर हैं। बहुत सख्त नेता।” उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की भी प्रशंसा की, मुनीर को उन्होंने “जबरदस्त फाइटर” कहा। ट्रम्प ने दावा किया कि उन्होंने इस साल की शुरुआत में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को खत्म कराने में मदद की थी।

ट्रम्प का दावा भारत-पाक संघर्ष में 7 विमान गिरे

ट्रम्प ने कहा कि मई में भारत और पाकिस्तान के बीच हालात काफी तनावपूर्ण थे और दोनों देश युद्ध के कगार पर थे। उन्होंने दावा किया कि संघर्ष के दौरान 7 विमान गिराए गए, हालांकि यह नहीं बताया कि वे किस देश के थे।

उन्होंने कहा, “दोनों परमाणु देश लड़ने की तैयारी में थे। मैंने ट्रेड पर दबाव डालकर संघर्ष रोकने की कोशिश की। मोदी बहुत मजबूत नेता हैं। दिखने में सबसे अच्छे, लेकिन बेहद कड़े भी हैं। थोड़ी देर बाद उन्होंने फोन कर कहा कि हम लड़ाई खत्म करेंगे।”

ट्रम्प ने बताया कि उनका भारत और पाकिस्तान दोनों से अच्छा रिश्ता है। उन्होंने दोनों देशों को चेताया था कि अगर संघर्ष जारी रहा, तो अमेरिका व्यापार समझौता नहीं करेगा।

दक्षिण कोरिया ने ट्रम्प को सर्वोच्च सम्मान दिया

दक्षिण कोरिया ने ट्रम्प को अपने सर्वोच्च सम्मान “ग्रैंड ऑर्डर ऑफ मुगुंगह्वा” से सम्मानित किया है। ट्रम्प यह पुरस्कार पाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने। राष्ट्रपति म्यूंग ने उन्हें सोने का मुकुट भी भेंट किया।

तीसरी बार राष्ट्रपति न बन पाने पर निराशा

ट्रम्प ने यह भी कहा कि उन्हें तीसरी बार राष्ट्रपति पद के चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं है, जिसे उन्होंने “बहुत बुरा” बताया। उन्होंने कहा, “कानून मुझे ऐसा करने से रोकता है, जबकि मैं चाहता हूं कि यह नियम बदले।”

जब पत्रकारों ने उनसे 2028 के चुनाव में उपराष्ट्रपति पद के लिए खड़े होने के बारे में पूछा, तो ट्रम्प ने कहा, “कानून इसकी अनुमति देता है, लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा, क्योंकि लोगों को यह पसंद नहीं आएगा।”