March 8, 2026

फोन हैक कर 10 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने फोन हैक कर बैंक खाते से 10 लाख रुपये निकालने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-29, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 23 सितंबर को उसके बैंक खाते से 5-5 लाख रुपये के दो ट्रांजैक्शन हुए, जिनकी उसे कोई जानकारी नहीं थी। इस पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कार्रवाई करते हुए टीम ने प्रकाश तुलसीदास (28) और दिलीप राजपूत (38), दोनों निवासी गांव डेल, जिला थराउ, गुजरात, को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में पता चला कि प्रकाश तुलसीदास उस खाते का मालिक था, जबकि दिलीप राजपूत ने यह खाता ठगों को उपयोग के लिए उपलब्ध कराया था। प्रकाश ने B.A. तक पढ़ाई की है और दिलीप 8वीं पास है।

पुलिस ने प्रकाश तुलसीदास को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि दिलीप राजपूत को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।