Faridabad/Alive News: डबुआ कॉलोनी स्थित विश्वास कॉन्वेंट स्कूल के बाहर सोमवार दोपहर छुट्टी के बाद एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल छात्र का नाम उत्कर्ष बताया जा रहा है, जो आठवीं कक्षा का विद्यार्थी है। जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब बच्चे घर जा रहे थे, तभी स्कूल के पास कुछ युवकों ने उत्कर्ष पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में छात्र को सीने, पीठ और हाथ में चार से पांच जगह गहरी चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने तुरंत बच्चे को उठाया और अस्पताल पहुंचाया। पहले तानिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज से मना कर दिया गया, जिसके बाद बच्चे को बीके अस्पताल और फिर एस्कॉर्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उत्कर्ष की हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्कूल के शिक्षक नरेंद्र कुमार, ने बताया कि “जैसे ही हमें घटना की जानकारी मिली, हमने तुरंत बच्चे को गाड़ी में उठाकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल इलाज चल रहा है और बच्चा सुरक्षित है।”
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चाकूबाजी की वजह इंस्टाग्राम पर किसी पोस्ट को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है। विनोद गोस्वामी ने बताया कि “यह घटना स्कूल के अंदर नहीं, बल्कि स्कूल से कुछ दूरी पर मंदिर के पास हुई है। एक आरोपी का नाम शिवम सामने आया है, जो उसी स्कूल का नौवीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है, जबकि अन्य हमलावर बाहरी हैं।”
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में नाबालिग छात्रों के शामिल होने के कारण पुलिस सतर्कता से जांच कर रही है।

