Faridabad/Alive News: शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम फरीदाबाद ने एक नई पहल की है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर निगम ने “पॉटहोल रिपेयर एंड मेंटेनेंस वेन” सेवा शुरू की है।
इस सेवा के तहत अब शहर की सड़कों पर बने गड्ढों को तेजी से भरने का काम किया जाएगा। फिलहाल निगम ने ऐसी दो रिपेयर वेन शुरू की हैं, जो किसी भी शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचेंगी और सड़कों की मरम्मत करेंगी। इन वेनों में रोलर मशीन, कटर और रेडीमेड सेल मेक बैग जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं, जिससे मौके पर ही गड्ढों को भरा जा सकेगा।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देश पर यह सेवा शुरू की गई है, ताकि शहर की सड़कों की स्थिति सुधारी जा सके और नागरिकों को सुगम आवागमन मिल सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए निगम ने एक व्हाट्सएप नंबर 9871699494 जारी किया है। शहरवासी इस नंबर पर अपना नाम, गड्ढे की लोकेशन और फोटो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर निगम की टीम जल्द ही उस स्थान पर पहुंचकर मरम्मत का काम करेगी।
इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान करेंगे। निगम प्रशासन का कहना है कि इस सेवा से फरीदाबाद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

