Faridabad/Alive News: पूर्व मंत्री एवं विधायक मूलचंद शर्मा ने सोमवार को नारियल फोड़कर लंबे समय से टूटे पड़े मिल्क प्लांट रोड के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। यह सड़क नगर निगम द्वारा 71 लाख रुपये की लागत से सीमेंटेड बनाई जा रही है।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद भाटिया कॉलोनी, आर्य नगर, राव कॉलोनी, अहरीवाड़ा, कुंदन कॉलोनी, रघुबीर कॉलोनी, सेक्टर-2 सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय महिला कॉलेज, अग्रवाल कॉलेज, डीएवी पब्लिक स्कूल, आर्य विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल, रावल इंटरनेशनल स्कूल, गंगोत्री पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के आवागमन में भी सुगमता आएगी।
गौरतलब है कि सीवर लाइन डालने के कारण यह सड़क पिछले दो वर्ष से क्षतिग्रस्त पड़ी थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जनता की समस्या को देखते हुए विधायक मूलचंद शर्मा ने निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया।
इस अवसर पर विधायक ने जानकारी दी कि आर्य नगर में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य भी जारी है, जिसका उद्घाटन जल्द किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि तिरखा कॉलोनी, रघुबीर कॉलोनी और भाटिया कॉलोनी में जल्द ही सीवर और पेयजल लाइन डाली जाएगी। विधायक ने कहा कि मिल्क प्लांट रोड के सीमेंटेड बनने से इन कॉलोनियों के लोग केवल 10 मिनट में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे।
इस मौके पर भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, शिक्षाविद दीपक यादव, निगम के उपमंडल अधिकारी अमित चौधरी, जेई विपिन और जेई जतिन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

