Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सेक्टर 77 स्थित केएलजे सोसायटी की बेसमेंट में गोली कांड के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना 26/27 अगस्त की रात की है। आरोपी को पकड़कर क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर 10 फरीदाबाद निवासी सुरेश ने थाना बीपीटीपी में शिकायत दी थी कि उसकी सैलून में काम करने वाली महिला कर्मचारी मेघा के पति विनोद ने अपने साथी के साथ मिलकर उस पर गोली चलाई थी। इस वारदात में सुरेश घायल हो गया था। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने कृष्ण (20 वर्ष), निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि कृष्ण ने मुख्य आरोपी विनोद के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। कृष्ण ने कट्टे से फायर किया जबकि विनोद ने पिस्टल से गोली चलाई थी। दोनों आरोपी दोस्त हैं।
कृष्ण होर्डिंग लगाने का काम करता है। मुख्य आरोपी विनोद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी कृष्ण को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
केएलजे सोसायटी गोलीकांड का सह-आरोपी गिरफ्तार

