March 7, 2026

ब्लाइंड मर्डर का एक और मामला बना चुनौती, अब होगी सीसीटीवी की जांच

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की पुलिस के लिए अब ब्लाइंड मर्डर चुनौती बन गए है। क्राइम ब्रांच के पास पहले ही दो मामले अनसुलझे थे कि अब सेक्टर-24 में आठ दिन पहले हुए मर्डर का मामला और सामने आ गया है। मृतक की पहचान कर पाना काफी मुश्किल हो गया है इसलिए क्राइम ब्रांच की पुलिस सेक्टर-24 इंडस्ट्रियल एरिया में चल रही दो सौ से अधिक फैक्ट्रियों के सीसीटीवी कैमरे की जांच करेगी। हर एक फुटेज में आरोपी की तलाश करने के लिए सुराग खोजने का प्रयास किया जाएगा।

16 अक्टूबर को सेक्टर-24 के डाबरी पार्क में सैर करने वाले लोगों को एक युवक का शव दिखाई दिया। जिसकी जानकारी लोगों ने तुरंत मुजेसर थाना पुलिस में दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और देखा की मृत व्यक्ति का गला रेता हुआ था, साथ ही उसके शरीर पर चोटों के भी निशान थे। पुलिस को शव के पास से शराब की बोतल और दो गिलास भी मिले थे।

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि उन्हें पूरा अंदेशा है कि शव को बाहर से लाकर पार्क में डाला गया है। क्योंकि युवक आसपास की फैक्ट्री में काम करने वाला कर्मचारी होता तो उसकी पहचान अभी तक हो जाती। क्राइम ब्रांच पुलिस सोमवार को सीसीटीवी कैमरों चेक करेंगी।

क्या कहना है क्राइम ब्रांच डीएलएफ का

सेक्टर-24 पार्क में मिले शव को लेकर जांच की जा रही है। त्योहारी सीजन होने के चलते फैक्ट्री बंद थी। इसलिए सीसीटीवी कैमरों की जांच नहीं हो पाई है। सभी फैक्ट्री के सीसीटीवी चेक किए जाएंगे। इसके साथ ही कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी।

  • रमेश कुमार, क्राइम ब्रांच डीएलएफ