March 7, 2026

ट्रम्प ने कनाडा पर दस प्रतिशत लगाया एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया

Delhi/Alive News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा पर 10 प्रतिशत एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। वे शुक्रवार को एक बेसबॉल मैच में टैरिफ के खिलाफ विज्ञापन दिखाने से नाराज हो गए। 2 दिन पहले इसी विज्ञापन की वजह से ट्रम्प ने कनाडा के साथ टैरिफ पर हो रही बातचीत रोक दी थी।

इस विज्ञापन में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें वे टैरिफ को हर एक अमेरिकी के लिए नुकसानदेह बता रहे थे। अमेरिका ने कनाडा पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगा रखा है। नए ऐलान के बाद यह 45 प्रतिशत हो जाएगा। भारत और ब्राजील के बाद यह सबसे ज्यादा टैरिफ होगा।

बेसबॉल मैच के दौरान चलाया गया विज्ञापन

यह विज्ञापन कनाडा के ओंटारियो राज्य ने बनाया था। हालांकि ट्रम्प के नाराज होने के बाद ओंटारियो के प्रीमियर ने कहा था कि वे रविवार के बाद इस विज्ञापन को वापस ले लेंगे। इसी दौरान शुक्रवार को वर्ल्ड सीरीज के पहले गेम इस विज्ञापन को चलाया गया था।

इस घटना के एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ बढ़ाने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कहा- कनाडा रंगे हाथों पकड़ा गया है, जिसने रोनाल्ड रीगन के टैरिफ पर दिए गए भाषण को लेकर एक फर्जी विज्ञापन चलाया। रीगन को राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था से जुड़े मकसद के लिए टैरिफ बहुत पसंद थे, लेकिन कनाडा ने कहा कि उन्हें पसंद नहीं थे।

ट्रम्प ने आगे कहा, कनाडा को वह विज्ञापन तुरंत हटा देना चाहिए था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। जानते हुए कि यह एक धोखाधड़ी है, कल रात इसे वर्ल्ड सीरीज के दौरान चलने दिया गया।

बता दें कि वर्ल्ड सीरीज अमेरिका और कनाडा में खेले जाने वाले बेसबॉल खेल की सालाना चैंपियनशिप सीरीज है।

ट्रम्प के ऐलान के बाद अभी यह साफ नहीं कि वे इस एक्स्ट्रा टैरिफ को लगाने के लिए किस कानूनी अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। व्हाइट हाउस ने इस बात की भी जानकारी नहीं दी है कि यह 10 प्रतिशत एक्स्ट्रा टैरिफ किस तारीख से लागू होगा।