Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सौतेले पिता ने अपने तीन साल के बेटे की हत्या कर उसके शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस चौकी अग्रसेन चौक की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बल्लभगढ़ की एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि करीब एक साल पहले उसने प्रशांत नाम के व्यक्ति से दूसरी शादी की थी। पहली शादी से उसका तीन साल का बेटा है। 19 अक्टूबर को उसका पति प्रशांत बच्चे को लेकर घर से चला गया और वापस नहीं आया। इस पर थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रशांत (27), निवासी आर्य नगर बल्लभगढ़, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी से बार-बार बच्चे को नाना-नानी के घर भेजने को कहता था, लेकिन पत्नी नहीं मानती थी। 19 अक्टूबर को जब पत्नी घर पर नहीं थी, तो उसने गुस्से में बच्चे की पिटाई कर दी और पेट में घूसा मारा। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर वह उसे डॉक्टर के पास दिखाने के बहाने लेकर गया और रास्ते में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने बच्चे का शव सेक्टर-58 की झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 1 दिन के रिमांड पर लिया है ताकि मामले से जुड़ी और जानकारी प्राप्त की जा सके।

