March 10, 2026

गुरु गोबिंद सिंह जी के बताए मार्ग पर चलकर धर्म, समाज और भाईचारे को करें मजबूत : विधायक

Faridabad/Alive News: सिख समुदाय की आस्था और श्रद्धा का प्रतीक सिखों के दसवें गुरु गोबिंद सिंह जी और उनकी पत्नी माता साहिब कौर के पवित्र चरण पादुकाओं से सुसज्जित चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा ‘पवित्र जोड़ा साहिब’ पलवल से रवाना होकर होडल पहुंची जहां होडल के विधायक हरिंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सोरोत, मोनू कालरा, जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम होडल बैलीना राणा सहित सिख समाज के गणमान्य नागरिकों व आम नागरिकों ने यात्रा का फूल मालाओं व पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत करते हुए आशीर्वाद लिया।

विधायक हरिंद्र सिंह ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने कर्म, सिद्धान्त, समभाव, समानता, निडरता, स्वतंत्रता का संदेश देकर समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उन्होंने कभी भी मानवीय व नैतिक मूल्यों से समझौता नहीं किया। गुरु गोबिंद सिंह जी ने कहा था कि ’देह शिवा बर मोहे इहै, शुभ करमन ते कबहूं न टरूं’ यानि हम अच्छे कर्मो से कभी पीछे न हटें, परिणाम भले चाहे जो भी हो। आज फिर से जरूरत है कि हम सभी उनके बताए मार्ग पर चलकर धर्म, समाज व भाईचारे को मजबूत करें।

विधायक हरिंद्र सिंह ने कहा कि ‘पवित्र जोड़ा साहिब’ यात्रा का जिले के पलवल और होडल से होकर गुजरना सभी जिला वासियों के लिए सौभाग्य और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसा पुण्य फल सौभाग्य से ही प्राप्त होता है। ‘पवित्र जोड़ा साहिब’ यात्रा का दर्शन करके बृज की पावन भूमि धन्य हो गई। इस दौरान सिख समुदाय सहित अन्य समुदाय व संप्रदाय के लोग भी ‘पवित्र जोड़ा साहिब’ यात्रा के दर्शन करने को उत्साहित नजर आए। ‘पवित्र जोड़ा साहिब’ यात्रा होडल से कोसी होते हुए आगरा के लिए रवाना हुई। पटना स्थित गुरु गोबिंद सिंह के जन्म स्थान तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब पर पहली नवंबर को यात्रा का समापन होगा।