Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने ओल्ड मार्केट में चाप की दुकान पर तोड़फोड़ और मारपीट करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। यह कार्रवाई थाना ओल्ड पुलिस टीम ने की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हुक्मचंद, निवासी ओल्ड फरीदाबाद, ने शिकायत दी थी कि उनकी “श्री सोया चाप” नाम से दुकान है। 21 अक्टूबर की रात दो युवक दुकान पर आए और एक प्लेट चाप पैक करवाई। जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन्होंने दुकान पर काम करने वाले नौकरों से झगड़ा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उनके 10–12 साथी भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर दुकान में तोड़फोड़ की, नौकरों से मारपीट की और गल्ले से लगभग 18–20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना ओल्ड पुलिस ने मामला दर्ज किया और तुरंत कार्रवाई करते हुए तरुण और नमन, निवासी ठाकुरवाड़ा ओल्ड फरीदाबाद, को गिरफ्तार किया तथा एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि 21 अक्टूबर की रात आरोपियों के दो दोस्त चाप लेने दुकान पर गए थे, लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे। इसी बात पर झगड़ा हुआ और उन्होंने अपने अन्य साथियों तरुण, नमन और नाबालिग को वहां बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

