Faridabad/Alive News: संजय कॉलोनी स्थित ऊर्मिला सी. सै. पब्लिक स्कूल में शनिवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 5वीं से 9वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दिवाली थीम पर बनाई गई रंगोलियों में छात्रों ने दीपक, भगवान राम-लक्ष्मण, मोर और मां लक्ष्मी की सुंदर झलक दिखाई। स्कूल की मैनेजमेंट और अध्यापकों ने बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की डायरेक्टर एवं संस्थापक उर्मिला शर्मा और प्रधानाचार्य ज्योति शर्मा ने सभी रंगोलियों का अवलोकन किया और बच्चों को प्रोत्साहित किया। निर्णायक अध्यापकों ने बेहतरीन रंगोली बनाने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर स्कूल की डायरेक्टर उर्मिला शर्मा ने बच्चों को दिवाली का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि “दिवाली अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्री राम जब लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे, तब लोगों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। हमें भी इस पर्व को सच्चाई, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाना चाहिए।”
प्रधानाचार्य ज्योति शर्मा ने कहा कि “ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ती हैं।”

