March 10, 2026

ऑनलाइन गेम से पैसे कमाने का लालच देकर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने ऑनलाइन गेम के जरिए ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ठगों को बैंक खाता उपलब्ध करवाकर धोखाधड़ी में मदद करते थे।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-3, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 29 मार्च को उसके इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन गेम का एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने पर उसे बताया गया कि अगर वह 2 हजार रुपये लगाता है तो उसे 1,50,000 रुपये का इनाम मिलेगा। शिकायतकर्ता ने गेम खेला और ठग ने बताया कि उसने 4,50,000 रुपये जीत लिए हैं।

जब उसने इनाम के पैसे मांगे, तो ठग ने कहा कि पहले 99,920 रुपये जमा कराने होंगे। लालच में आकर शिकायतकर्ता ने बताए गए खाते में पैसे भेज दिए, लेकिन उसे कोई रकम नहीं मिली। इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने मनराज मीणा (21), निवासी गांव चक विजयपुरा, जिला दौसा और हेतराम मीणा (25), निवासी गांव शिवसिंहपुरा, जिला दौसा को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि हेतराम वह खाताधारक है जिसके खाते में ठगी के 58,900 रुपये आए थे, जबकि मनराज ने उसका खाता लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था। हेतराम बी.ए. की पढ़ाई कर रहा है, जबकि मनराज बी.ए. और बी.एड. पास होकर बेरोजगार है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।