March 10, 2026

आईपीओ में निवेश का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी की टीम ने आईपीओ में निवेश कर मुनाफा कमाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाकर धोखाधड़ी में मदद की थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-43 की एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां निवेश से मुनाफा कमाने की बातें की जाती थीं। ग्रुप में शामिल ठगों ने उसे एक ऐप डाउनलोड करने और उस पर अकाउंट खोलने के लिए कहा। फिर उसे आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया।

महिला उनके झांसे में आ गई और विभिन्न ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 20,41,000 रुपये ठगों के खातों में जमा कर दिए। लेकिन जब उसने पैसे वापस मांगे तो ठगों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने अभिषेक सिंह चौहान, निवासी दिन नगर, जिला हरदोई (उ.प्र.), हाल निवासी जानकीपुरम, लखनऊ और अनुज कुमार पाल, निवासी रामपुर, जिला लखीमपुर खीरी (उ.प्र.), हाल निवासी मौसम बाग कॉलोनी, त्रिवेणी नगर, लखनऊ को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी ठगों के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाते थे। अभिषेक ने एक व्यक्ति हेमंत का खाता अनुज को दिया और अनुज ने उसे आगे ठगों तक पहुंचाया। दोनों आरोपी 12वीं पास और बेरोजगार हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।

मामले में खाताधारक हेमंत सहित चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।