March 10, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 3.08 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने ऑनलाइन टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी करने के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।

चावला कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे व्हाट्सएप पर पार्ट-टाइम जॉब का ऑफर मिला। पहले उसे गूगल पर होटल की समीक्षा (रिव्यू) करने को कहा गया, और फिर एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में हर टास्क के लिए 50 रुपये देने का वादा किया गया। कुछ टास्क पूरे करने के बाद उसे “पेड टास्क” करने को कहा गया, जिसके लिए एक वेबसाइट का लिंक भेजकर खाता खुलवाया गया।

शिकायतकर्ता ने विभिन्न टास्क के नाम पर कुल 3,08,500 रुपये ठगों के बताए बैंक खाते में जमा कर दिए। जब उसके खाते में 3,70,000 रुपये बोनस सहित दिखे, तो उसने पैसे निकालने की कोशिश की। लेकिन ठगों ने पैसे देने के बदले उससे 3 लाख रुपये और मांगे। तब उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने जांच के दौरान रफीक (36) निवासी रवानिया कोट गुलसापुरा, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि रफीक ने अपना बैंक खाता ठगों को दे रखा था। उसी खाते में ठगी के 23 हजार रुपये जमा हुए थे। आरोपी जोधपुर के एक अस्पताल में सफाई का काम करता है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।