Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी फरीदाबाद की टीम ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनके जरिए लोगों से पैसे ऐंठे जाते थे।
सेक्टर-49 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 25 जनवरी को उसे व्हाट्सएप पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूएसए एफिलिएट मार्केटिंग और डीपीएस प्रोग्राम से जुड़ा बताया और बिजनेस में निवेश करने पर बड़े मुनाफे का लालच दिया। ठगों ने उसे विश्वास में लेकर 4,55,000 रुपये की राशि अपने बताए बैंक खाते में जमा करा ली। इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता के कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच के दौरान दिलीप यादव, निवासी सेक्टर-70 नोएडा, और आर्यन गुप्ता, निवासी ग्रेसी गंज छिबरामऊ, कन्नौज को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और उन्होंने यह खाता मुन्ना सिंह नामक व्यक्ति का दिया था। दिलीप बी.ए. पास है और अपने पिता की दुकान पर काम करता है, जबकि आर्यन 12वीं पास है और नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पहले ही इस मामले में खाताधारक मुन्ना सिंह सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

