March 8, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर महिला से 1.35 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टेलीग्राम टास्क के जरिए ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कमलेश कुमार (20) निवासी गांव भिन्चारी, जिला सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

न्यू बसेलवा कॉलोनी की एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसने इंस्टाग्राम पर “वर्क फ्रॉम होम” का विज्ञापन देखा और उसमें अपनी जानकारी भर दी। इसके बाद उसे 200 रुपये वेलकम बोनस मिला और टेलीग्राम के जरिए होटल रेटिंग के टास्क दिए गए।

शुरुआत में उसे छोटे-छोटे टास्क के बदले कुछ पैसे लौटाए गए, जिससे उसे भरोसा हो गया। फिर धीरे-धीरे उससे बड़े टास्क के नाम पर पैसे मांगे गए। महिला ने कुल 1,35,300 रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन में भेज दिए। जब उसने अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसे “अकाउंट फ्रीज” का डर दिखाकर और पैसे मांगे गए। तब उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है।

शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी कमलेश कुमार ने एक अन्य व्यक्ति पूर्ण सिंह का बैंक खाता ठगों को उपयोग के लिए दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस मामले में पुलिस अब तक पूर्ण सिंह समेत चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है।