Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने लड़ाई-झगड़े के एक मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी निवासी आशु ने शिकायत दी कि गली के कुछ लड़के रोजाना नुक्कड़ पर खड़े होकर गाली-गलौज करते थे। 1 अक्तूबर को उसके छोटे भाई अमित ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इससे नाराज़ होकर वे लड़के कुछ देर बाद अमित के घर पहुंच गए, उसे बाहर खींचकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी।
शिकायत पर थाना सारन में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों भरत सिंह (32), नरेन्द्र कुमार (23) और पवन कुमार (22), सभी निवासी पर्वतीय कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी आपस में गाली-गलौज कर रहे थे और जब अमित ने उन्हें टोका तो उन्होंने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।

