Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ मंडी से प्याज बेचकर लौट रहे राजस्थान के एक किसान के साथ लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार बदमाशों ने किसान से 16 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। यह घटना मुंबई एक्सप्रेसवे पर काली गांव के पास हुई।
पुलिस ने किसान की शिकायत पर सेक्टर-58 थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पीड़ित किसान सुभाष चंद सैनी, निवासी झुंझुनू, राजस्थान, ने बताया कि वह 11 अक्टूबर को अपने ड्राइवर राजू के साथ प्याज बेचने बल्लभगढ़ मंडी आए थे। मंडी में प्याज बेचने के बाद उनके पास करीब 16 हजार रुपये थे — जिसमें से 8 हजार रुपये उन्होंने अपने पास रखे और बाकी रकम ड्राइवर को दे दी।
शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वे मुंबई एक्सप्रेसवे पर काली गांव के पास पहुंचे, तभी तीन युवकों ने अपनी बाइक गाड़ी के सामने रोक दी। एक बदमाश गाड़ी में घुसकर चाबी निकाल ली और खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि “गाड़ी में संदिग्ध सामान है।”
इस पर किसान और ड्राइवर गाड़ी से उतर गए। तभी बदमाशों ने बंदूक की नोक पर दोनों से 16,000 रुपये लूट लिए और मौके से भाग निकले।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की पहचान के लिए लगातार छानबीन कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

