July 26, 2026

मोटरसाइकिल हटाने को लेकर कैब ड्राइवर से मारपीट, दो और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने कैब ड्राइवर से मारपीट के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पर पहले से हत्या के प्रयास समेत आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बलजीत सिंह, निवासी जवाहर कॉलोनी, ने थाना सारन में शिकायत दी थी कि उसका बेटा करणप्रीत उर्फ राजा कैब ड्राइवर है। 2 अक्टूबर को जब वह घर लौट रहा था, तब रास्ते में खड़ी एक मोटरसाइकिल को हटाने को लेकर उसकी रोहित और दीपक से कहासुनी हो गई। थोड़ी देर बाद कुछ और युवक डंडे लेकर आए और करणप्रीत के साथ मारपीट की।

इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद शिवा (32) और उसके पिता राजेश (53), दोनों निवासी संजय कॉलोनी, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि शिवा ने पीड़ित पर डंडे से हमला किया, जबकि राजेश ने लात-घूंसों से मारा। दोनों प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं।

पुलिस ने बताया कि शिवा पर पहले से हत्या के प्रयास समेत 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इससे पहले, इस मामले में दीपक और रोहित को गिरफ्तार किया जा चुका है। झगड़ा मोटरसाइकिल हटाने को लेकर शुरू हुआ था। दीपक, शिवा के चाचा का बेटा बताया गया है।