March 8, 2026

ऑनलाइन टास्क नाम पर ठगी, साइबर थाना सेंट्रल ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाने का काम करता था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-78 स्थित हैबिटेट रेजीडेंसी में रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके पास व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। खुद को GIOTTUS कंपनी की एचआर बताने वाली महिला ने उसे एक लिंक भेजा और कहा कि टास्क पूरा करने और निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलेगा।

इसके बाद ठगों ने शिकायतकर्ता को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा और “डेटा टास्क” देने लगे। पहले छोटे निवेश पर उसे 15 हजार रुपये लगाने पर 28,200 रुपये का फायदा दिखाया गया। फिर उसने 88,200 रुपये का निवेश किया, जिस पर 1,59,100 रुपये का लाभ दिखाया गया। जब उसने पैसा निकालना चाहा, तो ठगों ने इनकम टैक्स और जीएसटी का बहाना बनाकर और पैसे डालने को कहा। इस तरह पीड़ित व्यक्ति से कुल 34,47,000 रुपये की ठगी की गई।

मामले की जांच में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने राजकमल (33) निवासी गांव गुजरी, जिला श्रीगंगानगर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि राजकमल बेरोजगार है और वह ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। उसने पहले गिरफ्तार आरोपी चिरांश से खाता लेकर ठगों को दिया था।

पुलिस ने आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब तक इस मामले में चिरांश सहित कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।