Faridabad/Alive News: सेक्टर-21 वी की लाल बत्ती के पास आज रविवार को सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बेकाबू होकर चार कारों और दो ऑटों को टक्कर मार दी। हादसे में एक सवारी और एक ऑटो चालक घायल हो गए है, जबकि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर चौकी ले गई।
ऑटो चालक ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका ऑटो लाल बत्ती के पास खड़ा था, तभी एक डंपर ने तेज रफ्तार में आया और पीछे से कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में सफारी, बोलेरो, इनोवा, वैगनआर समेत दो ऑटो और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। किसी कार का पीछे के शीशा टूटा तो किसी की पीछे की लाइट।
हादसे के दौरान ऑटो में बैठी तीन सवारियों में से एक महिला को पैर पर गंभीर चोट आई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
वहीं दूसरे ऑटो चालक पूरर्ण को भी हादसे में पैर पर गहरी चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि वह सवारी लेकर आ रहे थे और जैसे ही वह लाल बत्ती पर रुके तभी अचानक पीछे से एक डंपर तेज रफ्तार में आया और लाइन में खड़े वाहनों को टक्कर मारता हुआ निकल गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि डंपर चालक से जब हादसे के बारे में पूछा गया तो उसने लापरवाही भरे अंदाज में कहा कि “वह सो गया था और उसे पता ही नहीं चला कि क्या हुआ।” साथ ही उसने यह भी कहा कि “ऐसे हादसे तो होते रहते हैं।”
लोगों ने कहा कि इस जगह पर आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं और ज्यादातर मामलों में तेज रफ्तार डंपर ही जिम्मेदार होते हैं।उनकी पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वह डंपर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इस मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण की उचित व्यवस्था करे।

