March 7, 2026

कंपनी का सामान चुराने वाले दो कर्मचारी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

Faridabad/Alive News:  पुलिस ने कंपनी का सामान चोरी करने के आरोप में दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कंपनी की ही गाड़ी में माल लेकर जा रहे थे और रास्ते में चोरी कर लिया था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना डबुआ में चरण सिंह, निवासी एनआईटी-5 फरीदाबाद ने शिकायत दी थी कि उनकी वर्कशॉप सोनल इंडस्ट्रीज, पाली से ऑटोमोबाइल का सामान गुड़गांव भेजा गया था। कुछ समय बाद गुड़गांव से फोन आया कि भेजे गए सामान में कमी है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने दो आरोपियों  विशाल (21) और रजत (19), दोनों निवासी आकोली, बलिया (बिहार)  को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी उसी कंपनी में काम करते थे। विशाल गाड़ी चलाता था और रजत हेल्पर था। जब वे माल लेकर गुड़गांव जा रहे थे, तभी दोनों के मन में लालच आया और उन्होंने गाड़ी से कुछ सामान निकालकर छिपा दिया।

पुलिस ने दोनों से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।