Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने फेसबुक और व्हॉट्सएप के जरिए एक व्यक्ति से 2,45,000 रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नेहरू ग्राउंड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि उसे फेसबुक पर एक महिला का मैसेज आया। बाद में उसे एक व्हॉट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां उसे शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 2,45,000 रुपये निवेश किए, लेकिन बाद में न तो पैसा वापस मिला और न ही कोई लाभ।
शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों शैलेश तिवारी (48) निवासी हरदोई (उ.प्र.), हुजैफा (27) निवासी लखनऊ (उ.प्र.) और अंकित (30) निवासी अलीगंज, लखनऊ (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अंकित ने एक व्यक्ति रियाज अहमद का बैंक खाता लेकर हुजैफा को दिया, फिर हुजैफा ने यह खाता शैलेश को दे दिया, जिसने इसे टेलीग्राम के माध्यम से आगे भेज दिया। अंकित बी.एससी. पास है और घर पर ट्यूशन पढ़ाता है, हुजैफा फर्नीचर की दुकान पर काम करता है, जबकि शैलेश इलेक्ट्रॉनिक सामान की मरम्मत का काम करता है।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में खाताधारक रियाज अहमद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

