Faridabad/Alive News: रामनवमी के अवसर पर श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में मां दुर्गा के नवें स्वरूप माता सिद्धिदात्री की भव्य से पूजा-अर्चना की गई। प्रातःकालीन आरती में श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने उपस्थित श्रद्धालुओं को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।
जगदीश भाटिया ने माता सिद्धिदात्री की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि मां दुर्गा की नौवीं शक्ति ‘सिद्धिदात्री’ सभी प्रकार की सिद्धियां प्रदान करती हैं। नवरात्रि के नौवें दिन की उपासना से साधक को असीम शक्ति और सिद्धियों की प्राप्ति होती है। देवीपुराण के अनुसार भगवान शिव ने भी माता की कृपा से सिद्धियां पाईं और ‘अर्द्धनारीश्वर’ रूप में प्रसिद्ध हुए।
मां सिद्धिदात्री चार भुजाओं वाली हैं और सिंह पर सवार रहती हैं। इनके हाथ में कमल पुष्प होता है और गुलाबी रंग इन्हें अत्यंत प्रिय है। रामनवमी के अवसर पर मंदिर में कंजक पूजन का आयोजन भी हुआ और माता को हलवा-पूरी का भोग लगाया गया।
भाटिया ने कहा कि जो भक्त सच्चे मन से माता सिद्धिदात्री की आराधना करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। माता की उपासना से साधक सांसारिक बंधनों से मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है।
इस अवसर पर उद्योगपति आर. के. बत्रा, विकास खत्री और विनोद ने भी माता सिद्धिदात्री के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

