March 8, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने 66 मामलों में बरामद नशीले पदार्थ नष्ट किए, आमजन से नशा तस्करों की सूचना देने की अपील

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में बनी ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी द्वारा की गई।

कमेटी ने 30 सितंबर को तिगांव रोड, गांव जसाना स्थित गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में 23.048 किलो गांजा, 7.036 ग्राम हेरोइन और 167 इंजेक्शन आग के हवाले किए। इस दौरान पूरी प्रक्रिया को पुलिस आयुक्त की देखरेख में गवाहों और समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में अंजाम दिया गया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बनाता है और अपराध की ओर धकेलता है। पुलिस द्वारा नशा पीड़ितों की मदद के लिए काउंसलिंग और इलाज की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 244 मामले दर्ज कर 335 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और बड़ी मात्रा में गांजा, स्मैक, कैप्सूल, टैबलेट और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।

फरीदाबाद पुलिस ने जनता से अपील की है कि नशा बेचने वालों की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 9050891508 या कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।