March 11, 2026

30 सितम्बर को लगेगा बिजली शिकायत समाधान शिविर, उपभोक्ताओं को मिलेगा सरचार्ज माफी योजना का लाभ

Faridabad/Alive News: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से 30 सितम्बर 2025 को बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए बिजली शिकायत समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगा।

यह कार्यक्रम कार्यकारी अभियंता (ओ.पी.), बिजली विभाग सेक्टर-15ए, फरीदाबाद की अध्यक्षता में होगा। इसमें ओल्ड डिवीजन फरीदाबाद के सभी संबंधित सब-डिवीजन के एसडीओ मौजूद रहेंगे –सब डिवीजन नं. 4 (ऑफिस ब्लॉक सी, एसजीएम नगर), सब डिवीजन (वेस्ट), शिव मंदिर के पास, सरकारी स्कूल के नजदीक, सब डिवीजन (सेक्टर-21), सेक्टर-21 कार्यालय।

इस शिविर में उपभोक्ताओं को हरियाणा सरचार्ज माफी योजना 2025 और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

हरियाणा सरचार्ज माफी योजना 2025 की मुख्य बातें:

लाभार्थी श्रेणियां – घरेलू (शहरी व ग्रामीण), कृषि (एपी), सरकारी व निकाय संस्थाएं, औद्योगिक और अन्य उपभोक्ता।

भुगतान विकल्प – एकमुश्त भुगतान पर 10% छूट और 100% सरचार्ज माफी। किस्तों (8 मासिक या 4 द्विमासिक) में नियमित भुगतान करने पर भी 100% सरचार्ज माफी। सरकारी उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान पर 100% सरचार्ज माफी। औद्योगिक उपभोक्ताओं को मूल राशि और 50% सरचार्ज का भुगतान करने पर 50% सरचार्ज माफी।

पात्रता – 31 अगस्त 2024 तक डिफॉल्टर रहे उपभोक्ता, जिनका कनेक्शन चालू है या काटा गया है। न्यायिक विवाद में फंसे उपभोक्ता यदि मुकदमा वापस लेते हैं तो लाभ ले सकते हैं।

शर्तें – किस्तों में भुगतान की स्थिति में समय पर भुगतान करना जरूरी है, अन्यथा योजना का लाभ समाप्त हो जाएगा।

यह शिविर केवल ओल्ड डिवीजन फरीदाबाद के उपभोक्ताओं के लिए आयोजित किया जाएगा। उपभोक्ता इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।