March 8, 2026

रात डेढ़ घंटे तक लगा रहा जाम, मंत्री फंसे, यातायात पुलिस अनजान

Faridabad/Alive News: शनिवार शाम को सेक्टर 12- 15 की डिवाइडिंग सड़क पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक जाम था। जाम इस कदर था कि लोग एक घंटे से अधिक समय तक इसमें फंसे रहे। स्वयं केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भी काफी देर तक जाम में फंसे रहे हैरत की बात यह है कि यातायात पुलिस सोती रही।उन्हे इस मामले की जानकारी ही नहीं थी कि जाम लग रहा है लोगों की  शिकायत आने पर यातायात पुलिस को सूचित किया गया, उसके बाद जाम खुलवाने पर काम शुरू हुआ। 

इस सड़क पर जाम का असर सेक्टर -14,15,16 तक दिखाई दिया। साथ ही सड़क से कनेक्ट होने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई कोर्ट रोड पर भी बुरा हाल हो गया सेक्टर- 7,10 की डिवाइडिंग सड़क को जाने वाली रोड पर भी लंबा जाम दिखाई दिया। जाम की स्पष्ट वजह यातायात पुलिस के पास भी नहीं यह पता चला कि शनिवार को सेक्टर -15, 17 के शिक्षण संस्थान और ग्रेटर फरीदाबाद स्थित कुछ सोसायटी में प्रदर्शन व उत्सव आयोजन थे। और बाईपास को जाने वाली एक रोड पर एक बडी गाडी खराब हो गई था। इस वजह से कुछ देर के लिए ट्रैफिक धीमा हो गया। इस दौरान बीच में से कुछ गाड़ियां  निकल गई और उन्होंने दोहरी लाईन बना दी, जबकि कुछ रांग साइड जाने लगे इससे गाड़ियां आपस में फंस गई और जाम लगता चला गया। 

वैसे भी जब से दिल्ली -मुंबई एक्सप्रेसवे शुरू हुआ है, तभी लिंक सड़क के चौराहे पर लंबा जाम लग रहा है। प्रतिदिन शाम को दो घंटे तक यहां वाहनों की लंबी लाइन रहती है। जबकि यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है। इसी सड़क से जिला अदालत, टाउन पार्क, लघु सचिवालय, जीएसटी, एचएसवीपी व अन्य आधा दर्जन विभाग सीधे कनेक्ट हैं। 

इसके बावजूद यहां पुलिस की तैनाती नहीं रहती। एक पुलिसकर्मी केवल बीपीटीपी चौराहे पर तैनात रहता है। यातायात थाना प्रभारी अनोज कुमार ने बताया कि उन्हें जाम की सूचना नहीं मिली थी। हां बाटा चौक के पास एक ट्रक खराब हो गया था जिसकी वजह से यातायात सेक्टर -12, 15 डिवाइडिंग सड़क की ओर जाने लगा। मौके पर पुलिस कर्मियों को भेज कर व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई।