Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के सूचना, लोक संपर्क एवं भाषा विभाग 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित विशेष कार्यक्रमों के तहत फरीदाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का सिलसिला जारी है। यह अभियान ग्रामीण समुदायों को राज्य की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं, जैसे किसान समर्थन, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास करता है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी मूर्ति दलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना, लोक संपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग के निर्देशानुसार तथा डीसी विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया जा रहा है। इन नाटकों के माध्यम से लोगों को ‘हर घर गृहणी’ योजना के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर, ‘लखपति दीदी’ योजना, परिवार पहचान पत्र से घर बैठे योजनाओं का लाभ, आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ और किसानों की 240 फसलों की एमएसपी पर खरीद के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही युवाओं और शहीदों के आश्रितों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं, बिना पर्ची-खर्ची के मेरिट आधारित भर्ती और समाधान शिविरों के माध्यम से जन समस्याओं के निवारण जैसे प्रयासों को भी रोचक और सरल अंदाज में प्रस्तुत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीणों को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
इसी कड़ी में गत दिवस शुक्रवार को विभाग से सूचीबद्ध भजन एवं नाटक दलों ने गांव मोहना में प्रस्तुतियां देकर ग्रामीणों को योजनाओं से अवगत कराया।

