Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-30 और सेंट्रल की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मुठभेड़ों में चार वांछित आरोपियों को पकड़ा है। ये आरोपी रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में फरार चल रहे थे।
पहली मुठभेड़
27 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आरोपी पाली-सूरजकुंड रोड पर मौजूद हैं। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शशिकांत (निवासी वाराणसी, हाल सेहतपुर पल्ला) के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका साथी रोहित (निवासी बुलंदशहर, हाल डबुआ कॉलोनी) भी पकड़ा गया। मौके से दो पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
दूसरी मुठभेड़
रोहित की निशानदेही पर पुलिस टीम बड़खल-पाली रोड पहुंची, जहां आरोपी कमल भड़ाना (निवासी मोहम्मदाबाद, हाल डबुआ कॉलोनी) और मनीष (निवासी बिहार, हाल डबुआ कॉलोनी) बाइक पर मिले। पुलिस को देखते ही उन्होंने भी फायरिंग की। जवाब में कार्रवाई हुई और कमल भड़ाना के पैर में गोली लगी। दोनों को काबू कर लिया गया और कमल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। यहां से एक बाइक, तीन पिस्टल, तीन देसी कट्टे, एक मैगजीन और चार जिंदा राउंड बरामद किए गए।
पिछले अपराध
पुलिस के अनुसार, अप्रैल में इन आरोपियों ने जनता कॉलोनी के कपड़ा व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। सितंबर में गाजीपुर रोड डबुआ कॉलोनी में एक घर में घुसकर फायरिंग की थी और एक बुजुर्ग महिला को हथौड़ा मारकर घायल किया था।
कमल भड़ाना पर 15, शशिकांत पर 6 और मनीष पर 4 मामले दर्ज हैं। सभी आरोपी फिरौती और हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित थे। घायल आरोपियों की हालत फिलहाल स्थिर है।

