Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पुलिस ने शनिवार तड़के आधे घंटे के भीतर दो जगह एनकाउंटर कर चार बदमाशों को दबोच लिया। इनमें से दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर की जान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई।
पुलिस ने दोनों जगह से देसी कट्टे, पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए। घायल बदमाशों को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है, जबकि उनके साथियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पहला एनकाउंटर – बड़खल-पाली रोड
सुबह करीब 4 बजे क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बड़खल-पाली रोड पर कमल भड़ाना और उसके साथी गोलू को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें कमल भड़ाना के पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गोलू को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
कमल भड़ाना पर आरोप है कि उसने 27 अप्रैल को एक कपड़ा व्यापारी से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी और तब से फरार था।
दूसरा एनकाउंटर – सूरजकुंड रोड
करीब साढ़े 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शशिकांत और रोहित सूरजकुंड रोड से किसी वारदात के इरादे से गुजरेंगे। पुलिस ने मानव रचना के पास घेराबंदी की। जैसे ही दोनों दिखे, उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान एक गोली सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार को लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें शशिकांत के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। उसका साथी रोहित मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया।
दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया।

