Faridabad/Alive News: हरियाणा पर्यटन विभाग 2 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक सूरजकुंड प्रांगण में द्वितीय सूरजकुंड दीवाली मेला का आयोजन करेगी। यह मेला “हम परिवारों को जोड़ते हैं” थीम पर आधारित होगा, जिसमें दीपावली की रौनक, स्वदेशी उत्पाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।
मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और स्टॉल बुकिंग में लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 350 से अधिक स्टॉल बुक हो चुके हैं, जबकि यह संख्या जल्द ही 500 तक पहुंचने की उम्मीद है। आगंतुकों के लिए टिकट मूल्य 100 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है, वहीं विद्यार्थियों को टिकट बुकिंग पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
हरियाणा पर्यटन विभाग ने टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष क्यू आर कोड और ऑनलाइन पोर्टल (https://mela.haryanatourism.gov.in/e/diwali-mela) जारी किया है जिसके माध्यम से दर्शक घर बैठे टिकट बुक कर सकते हैं।
सांस्कृतिक कैलेंडर के अनुसार 2 अक्टूबर को प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना मीनू ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगी। 3 अक्टूबर को एन जी एफ कॉलेज, पलवल के युवा डिजाइनर फैशन शो प्रस्तुत करेंगे। 4 अक्टूबर को पंजाबी गायक दिपेश राय, 5 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम सलमान अली और 6 अक्टूबर को हिमाचल पुलिस बैंड अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहेंगे। मेले का समापन 7 अक्टूबर को भव्य क्लोजिंग सेरेमनी के साथ होगा।

