March 7, 2026

लाडो लक्ष्मी योजना पर दिग्विजय चौटाला का हमला, बोले – महिलाओं से बड़ा धोखा कर रही भाजपा सरकार

Faridabad/Alive News: जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं से किए वादे पूरे नहीं किए और इस योजना को आधे-अधूरे तरीके से लागू कर महिला शक्ति के साथ धोखा किया है।

दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि योजना में एक लाख रुपये वार्षिक आय की शर्त लगाकर लाखों गरीब महिलाएं बाहर कर दी गई हैं। जबकि चुनाव से पहले भाजपा ने हर महिला को 2100 रुपये मासिक देने का वादा किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक लाख रुपये से थोड़ी ज्यादा आय वाले परिवार की महिलाओं को अमीर मानते हैं।

उन्होंने कहा कि असलियत में इस योजना का हक 30 लाख से ज्यादा महिलाओं का बनता है, लेकिन सरकार केवल पांच लाख से भी कम महिलाओं को लाभ देने की बात कर रही है। साथ ही दिग्विजय ने मांग की कि योजना का लाभ लेने के लिए जो दस्तावेजी शर्तें लगाई गई हैं, उन्हें भी आसान बनाया जाए।

बुढ़ापा पेंशन को लेकर भी दिग्विजय चौटाला ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आय की शर्त लगाकर बुजुर्गों की पेंशन काट रही है, जो उनका अपमान है। उन्होंने मांग की कि पेंशन को 5100 रुपये मासिक किया जाए और जिन बुजुर्गों की पेंशन रोकी गई है, उसे तुरंत बहाल किया जाए।