Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक व्यक्ति से टेलीग्राम टास्क और ऑनलाइन रेटिंग के नाम पर 4,12,000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे व्हाट्सएप पर होटल और हॉस्पिटल की रेटिंग कर पैसे कमाने का ऑफर मिला था। इसके लिए उसे एक लिंक भेजा गया और खाता खुलवा कर टास्क दिए गए। टास्क पूरा करने के लिए उसने 1,62,000 रुपये ठगों के बताए खाते में भेज दिए। जब उसने पैसे निकालने चाहे तो ठगों ने 2,50,000 रुपये और मांगे। लालच में आकर उसने ये रकम भी भेज दी, लेकिन इसके बाद भी लगातार और पैसे मांगे जाने लगे।
इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सानिफ मलिक (20), निवासी अमर नगर, पश्चिम दिल्ली को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को दे रखा था, जिसमें ठगी के 25 हजार रुपये आए थे। आरोपी 10वीं पास है और एक परचून की दुकान पर काम करता है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।

