Faridabad/Alive News: खेडीपुल थाना पुलिस ने झगड़े और मारपीट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता शीतल, निवासी सेक्टर-16 फरीदाबाद ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाला धर्मेंद्र दूधवाला उसकी जमीन पर जबरन गाय बांधता था। मना करने पर वह रंजिश रखने लगा। 4 सितंबर की रात करीब 11 बजे धर्मेंद्र ने योजना बनाकर शीतल के बेटे रक्षक को घर के नीचे बुलवाया। वहां पहले से 10–15 लड़के मौजूद थे, जिन्होंने रक्षक से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता जब बेटे को बचाने आया तो आरोपी अस्पताल तक उनका पीछा करते हुए पहुंचे और वहां भी मारपीट की, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। मामले की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों अभिषेक (21) निवासी गाजियाबाद, अमित (24) निवासी पटना और मुकेश (25) निवासी प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि धर्मेंद्र ने रंजिश निकालने के लिए ही अपने किराएदार अभिषेक और उसके साथियों को मारपीट करने के लिए भेजा था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

