Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ आज गुरुवार को पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। बल्लभगढ़ में उपमंडल स्तर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम का आयोजन अटल नगर निगम ऑडिटोरियम बल्लभगढ़ में किया गया जिसमें बतौर मुख्यातिथि स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम में बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा सैकड़ों महिलाओं एवं स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
विधायक मूलचंद शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को सशक्त बनाना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। पहले चरण में वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम वाले परिवारों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इस योजना से लगभग 19 से 20 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला से इस योजना के लिए ऑनलाइन मोबाइल एप का शुभारंभ किया जिसमें लाभार्थी अपना पंजीकरण खुद भी कर सकता है।
उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हरियाणा सरकार की यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से योजना का पंजीकरण करवाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया तथा पात्र महिलाओं का पंजीकरण भी किया गया। आधार कार्ड एवं परिवार पहचान पत्र के माध्यम से लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस मौके पर भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, मार्केट कमेटी बल्लभगढ़ के चेयरमैन सजीव बैंसला, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद महेश गोयल, पार्षद सोनू वैष्णव, पार्षद किरण बाला, एसएमओ डॉ. टी.सी. डीडवाल, डॉ. गजराज, एसडीओ राकेश शर्मा, गौरव विरमानी, जेपी मास्टर, गुलशन बंसल, राजन छाबड़ा, स्वराज भाटी, सुषमा यादव, अंबिका शर्मा, बबली प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

