March 10, 2026

गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चलाया स्वच्छता अभियान  

Faridabad/Alive News: शिक्षा विभाग के आदेशानुसार सराय ख्वाजा के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा  के निर्देशानुसार जूनियर रेडक्रॉस और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के तत्वाधान में विद्यालय में स्वच्छता शपथ ली गई और स्वच्छता अभियान चलाया गया। 

स्वच्छता के बारे में विस्तृत रूप से बताते हुए प्राध्यापिका दीपांजलि ने कहा कि विद्यालय की छतों पर पेड़ों के पत्ते, कक्षों में मकड़ी के जालों, दीवारों पर धूल हटाने एवं बरामदों में गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता न होने के परिणाम स्वरूप छतों पर पानी जमा हो जाता है जिस से विद्यालय भवन को क्षति हो सकती है तथा पानी जमा होने से जल जनित बीमारियों तथा विभिन्न प्रकार के मच्छरों के उत्पन्न होने की समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है इसलिए समय -समय पर भवन की छतों पर सफाई रखना और भी आवश्यक हो जाता है। किसी भी अवस्था में कूड़ा करकट छतों पर पड़ा न रहे यह सुनिश्चित करना होगा। 

जेआरसी एवं ब्रिगेड प्रभारी प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि जूनियर रेडक्रॉस और ब्रिगेड सदस्य विद्यार्थियों द्वारा छतों पर पत्ते और मिट्टी को एकत्रित कर डस्ट बिन में डाला गया और छतों की अच्छी तरह सफाई की गई। विद्यालय प्रभारी रजनी एवं  प्राध्यापिका दीपांजलि ने स्टूडेंट्स को बताया कि स्वच्छता ही सेवा है हमें अपने विद्यालय के प्रत्येक कक्षा कक्ष, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्टाफ रूम एवं अन्य कक्षों को भी नियमित रूप से स्वच्छ रखना होगा। 

प्राचार्य ने स्वच्छता अभियान में सराहनीय भूमिका निभाने के लिए सभी अध्यापकों, स्टाफ सदस्यों और सभी जे आर सी सदस्य विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए उत्साहवर्धन किया तथा समय – समय पर इस अभियान को दोहराते रहने के लिए कहा ताकि छतों पर किसी भी प्रकार की पतों आदि के जमा होने से  गंदगी न हों और संपूर्ण विद्यालय परिसर स्वच्छ एवं सुंदर बना रहे।