Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच एवीटीएस फरीदाबाद की पुलिस ने एक युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रविन्द्र, निवासी गांव कारना (जिला पलवल) ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी कि 13 सितम्बर को उसके बेटे प्रदीप को गांव के ही पवन और योगेश अपने साथ पलवल चलने के बहाने ले गए थे। लेकिन प्रदीप घर वापस नहीं लौटा। बाद में पता चला कि पवन, योगेश, जतिन और रोहित ने मिलकर प्रदीप की हत्या कर दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच एवीटीएस की पुलिस ने पवन (24) और योगेश (25), दोनों निवासी गांव कारना, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि कुछ महीने पहले प्रदीप और आरोपियों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में 13 सितम्बर को पवन और योगेश ने प्रदीप को अपनी ब्रेजा कार में बैठाकर पलवल ले जाने का झांसा दिया। रास्ते में भनकपुर के पास शराब पीते समय झगड़ा हो गया। गुस्से में पवन ने प्रदीप को लात-घूंसों से पीटा, जबकि योगेश ने डंडों से हमला कर दिया और उसका सिर जमीन पर दे मारा। इस दौरान प्रदीप की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार योगेश सेल-परचेज का काम करता है और पवन रैपिडो में बाइक चलाता है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

