Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेंट्रल फरीदाबाद ने दिसंबर 2024 में मीट विक्रेता पर हुए गोलीकांड और मारपीट मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ओल्ड फरीदाबाद निवासी अनवर ने दिसंबर 2024 में शिकायत दी थी कि उसकी मीट मार्केट में दुकान है। 6 दिसंबर 2024 को उसे मोबाइल पर धमकी भरी कॉल आई थी। उसी रंजिश के चलते प्रदीप, सलमान और उनके साथी हथियार लेकर दुकान पर पहुंचे और अनवर के पिता पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पैर में लगी और मारपीट भी की गई। इस घटना पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में केस दर्ज हुआ था।
कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने हर्ष (25) और कुलदीप (23), दोनों निवासी खेड़ीपुल फरीदाबाद, को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पत्थरों से हमला किया था।
दोनों आरोपी पिछले 9 महीने से फरार चल रहे थे, लेकिन पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर उन्हें दबोच लिया। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
अब तक इस मामले में मुख्य आरोपियों समेत कुल 14 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

