March 7, 2026

पीएम मोदी का असम दौरा : कनेक्टिविटी और स्वदेशी पर जोर

Chandigarh/Alive News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के असम दौरे पर पहुंचे। उन्होंने दरांग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जीएनएम स्कूल और बीएससी नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन प्रोजेक्ट्स पर करीब 6300 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

मोदी ने दरांग और गोलाघाट में जनसभाएं की और नुमालीगढ़ रिफाइनरी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने जब भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिया था, तब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि मोदी नाचने-गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है। इस पर पीएम ने जवाब दिया—“मैं भगवान शिव का भक्त हूं, जहर पी जाता हूं, लेकिन किसी और का अपमान होता है तो सहन नहीं कर पाता।” उन्होंने जनता से कहा कि उनके लिए 140 करोड़ देशवासी ही भगवान हैं।

मोदी ने अपील की कि अब से लोग स्वदेशी सामान खरीदें। उन्होंने कहा—“कंपनी किसी की भी हो, लेकिन सामान हिंदुस्तान में बना होना चाहिए। मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स में हमारे देश की मिट्टी और युवाओं का पसीना शामिल है।” पीएम बोले कि सरकार 25-50 साल आगे का सोच कर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जीएसटी की दरें कम होंगी। इससे सीमेंट, कार, बाइक और दवाइयां सस्ती होंगी और त्योहारों में लोगों का खर्च कम होगा।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल में ब्रह्मपुत्र पर सिर्फ 3 पुल बनाए, जबकि उनकी सरकार ने 10 साल में 6 बड़े ब्रिज बना दिए। अब 5G, इंटरनेट, रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी से यहां रोजगार और पर्यटन बढ़ा है। पीएम ने कहा कि अब 21वीं सदी का अगला हिस्सा नॉर्थ ईस्ट का है। भाजपा सरकार असम को भारत का ग्रोथ इंजन बना रही है।

रविवार को मोदी नुमालीगढ़ में 5 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले बायो एथेनॉल प्लांट का उद्घाटन करेंगे और 7 हजार करोड़ के पेट्रो यूनिट की आधारशिला रखेंगे।

मिजोरम की पहली रेल लाइन का उद्घाटन

अपने नॉर्थ ईस्ट दौरे में पीएम ने मिजोरम की पहली रेल लाइन बैराबी-सायरंग का भी उद्घाटन किया। 51 किमी लंबी इस लाइन में 45 सुरंगें और 114 मीटर ऊंचा पुल है, जो कुतुबमीनार से भी ऊंचा है। इससे मिजोरम दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता से जुड़ गया है।